राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन (NHRO) और पूर्व रेलवे की पहल पर हावड़ा स्टेशन से ‘स्वच्छता से सुरक्षा तक’ कैंपेन का शुभारंभ

पद्म भूषण उषा उत्थुप बनीं कैंपेन की ब्रांड एम्बेसडर; पूर्व रेलवे के सहयोग से छह महीने तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर चलेगा जन-जागरूकता अभियान
Howrah
‘स्वच्छता से सुरक्षा तक’ कैंपेन
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन (National Human Rights Organisation – NHRO) ने पूर्व रेलवे, हावड़ा मंडल के सहयोग से गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को हावड़ा रेलवे स्टेशन के ओल्ड कॉम्प्लेक्स, बड़ी घड़ी के निकट अपने विशेष जन-जागरूकता कैंपेन ‘स्वच्छता से सुरक्षा तक’ का भव्य शुभारंभ किया।

यह पहल NHRO के व्यापक राष्ट्रीय जागरूकता कार्यक्रम ‘भारत जागरूकता मिशन (Bharat Jagrukta Mission)’ का हिस्सा है। इस कैंपेन का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, यात्री सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण तथा नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति आम लोगों में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाना है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्म भूषण से सम्मानित प्रख्यात भारतीय पॉप गायिका उषा उत्थुप रहीं।

वह इस छह महीने के कैंपेन की ब्रांड एम्बेसडर भी हैं। उन्होंने संगीत के माध्यम से स्वच्छता, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए यात्रियों एवं उपस्थित लोगों को जागरूक और प्रेरित किया।छह महीने तक पूर्व रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर चलेगा कैंपेन हावड़ा स्टेशन से शुरू हुआ यह आयोजन केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्व रेलवे के सहयोग से प्रस्तावित छह महीने की व्यापक जन-जागरूकता पहल का लॉन्च प्रोग्राम है।

पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक एवं अपर महाप्रबंधक की अनुमति और सहयोग से इस कैंपेन को चरणबद्ध तरीके से पूर्व रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों तक विस्तारित करने की योजना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अगले चरणों में शियालदह, कोलकाता, रामपुरहाट, मालदा, आसनसोल सहित अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों को शामिल किया जाएगा। इन स्टेशनों पर यात्रियों, रेलकर्मियों और आम नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसका उद्देश्य रेलवे परिसरों में जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को प्रोत्साहित करना और स्वच्छ एवं सुरक्षित रेल यात्रा की संस्कृति को मजबूत करना है। रेलवे एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति इस शुभारंभ कार्यक्रम में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे, अपर महाप्रबंधक श्री शीलेन्द्र प्रताप सिंह, हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विशाल कपूर, भारतीय संग्रहालय, कोलकाता के निदेशक डॉ. सायन भट्टाचार्य तथा अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त तालवादक एवं संगीतकार पंडित मल्लार घोष की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके अतिरिक्त पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर सामूहिक जागरूकता का संदेश दिया गया। विशेष रूप से रेलवे परिसरों में कूड़ा न फैलाने, ट्रेनों एवं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने, रेलवे ट्रैक के आसपास पतंगबाजी से बचने, पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को रोकने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया गया।

NHRO के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर जन-जागरूकता की पहल इस कैंपेन के शुभारंभ, परिकल्पना एवं समन्वय में राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रवि जायसवाल तथा पश्चिम बंगाल के राज्य महासचिव श्री गुलाम फारूक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। NHRO के नेतृत्व में यह पहल संगठन के व्यापक उद्देश्य — नागरिक अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनभागीदारी को बढ़ावा देने — की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

NHRO की ओर से पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, हावड़ा मंडल के अधिकारियों, सभी विशिष्ट अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ‘स्वच्छता से सुरक्षा तक’ का संदेश स्पष्ट है — स्वच्छता हमारी आदत बने, सुरक्षा हमारी प्राथमिकता हो और जागरूकता समाज का संस्कार बने। हावड़ा से शुरू हुई यह पहल आने वाले छह महीनों में पूर्व रेलवे के विभिन्न स्टेशनों तक पहुंचकर एक व्यापक जनभागीदारी का रूप लेने की दिशा में अग्रसर है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News