

अलीपुरदुआर : लग्जरी कार की आड़ में मवेशी तस्करी का मामला सामने आया है। बारोबिशा आउट पोस्ट पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका जांच के दौरान एक कार से चार बछड़े बरामद किए और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बारोबिशा आउट पोस्ट की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक लग्जरी कार को संदिग्ध अवस्था में आते देख पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। कार के अंदर चार बछड़े बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर रखे गए थे। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हनीफ अली और मफिजुद्दीन शेख के रूप में हुई है। दोनों असम के गोसाईगांव इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बछड़ों को धूपगुड़ी से असम ले जाया जा रहा था।
पुलिस की सतर्कता से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते की जा रही तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई। फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोवंश कहां से लाए गए थे और तस्करी के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है या नहीं। इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए भी जांच जारी है।