

हावड़ा : पूर्वी भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री श्याम मंदिर घुसुड़ीधाम में बाबा श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाबा का विशेष एवं आकर्षक शृंगार किया गया। उनकी झांकी को विभिन्न प्रकार के सूखे मेवों से सजाया गया, जिसने भक्तों का मन मोह लिया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया और देर तक भक्तों का तांता लगा रहा।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री श्याम मंदिर घुसुड़ीधाम परिवार की ओर से बाबा को सवामण (51 किलो) मिल्क केक का महाभोग अर्पित किया गया। बाद में इसे मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक भजनों की अमृतवर्षा हुई। इसके बाद मंदिर के प्रमुख भजन प्रवाहक एवं संचालक मनोज अग्रवाल (बालासिया) के नेतृत्व में सामूहिक अखंड ज्योति पाठ आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया।
मंदिर के सोशल मीडिया प्रभारी देवेन्द्र कासुका ने बताया कि मंदिर की अधिकृत सोशल मीडिया साइटों के माध्यम से देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन का लाभ उठाया।
मंदिर के प्रबंध न्यासी बिनोद टिबड़ेवाल ने बताया कि मेले के दूसरे दिन शुक्रवार, 21 नवंबर (कार्तिक शुक्ल द्वादशी) को भी रात तक धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए बारस धोक, जात-जड़ूला, सवामणी और भंडारा प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले के सफल और सुचारु संचालन के लिए घुसुड़ीधाम परिवार के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।