नेपाल में लापता बशीरहाट के शिक्षक दंपति से हुआ संपर्क, परिवार ने ली राहत की सांस

रविवार को लौटेंगे घर
नेपाल में लापता बशीरहाट के शिक्षक दंपति से हुआ संपर्क, परिवार ने ली राहत की सांस
Published on

बशीरहाट : नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद कई भारतीय पर्यटकों के लापता होने की खबरों के बीच बशीरहाट के एक परिवार के लिए राहत की खबर सामने आई है। नेपाल घूमने गए पूर्व शिक्षक अनुकूल पोद्दार और उनकी पत्नी रेबा पोद्दार से आखिरकार परिवार का संपर्क हो गया है। दोनों सुरक्षित हैं और रविवार को घर लौटने की उम्मीद है। बशीरहाट नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 के काछारीपाड़ा निवासी अनुकूल पोद्दार अपनी पत्नी के साथ नेपाल गए थे। बुधवार को नेपाल में आपदा के बाद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। इससे परिवार और पड़ोसियों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, अब फोन पर दोनों से बातचीत हो गई है। अनुकूल पोद्दार ने फोन पर बताया कि हम लोग ठीक हैं। खतरा टल गया है। अब घर लौटने का इंतजार है। उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य लोग भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। परिवार के पड़ोसी दिलीप कुमार दत्त के मुताबिक, इमिग्रेशन प्रक्रिया में अनुकूल और रेबा को करीब 10-15 मिनट की देरी हो गई थी। इस वजह से जिस गाड़ी से उन्हें आगे जाना था, वह निकल गई। दोनों को अगली गाड़ी से रवाना होना था, लेकिन इसी बीच इलाके में अचानक आई बाढ़ की खबर सामने आ गई। इस तरह महज कुछ मिनट की देरी ने उन्हें संभावित खतरे से बचा लिया। परिवार से संपर्क होने के बाद परिजनों और पड़ोसियों ने राहत की सांस ली है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in