

सिलीगुड़ी। लोकतंत्र, संविधान और मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए दार्जिलिंग जिला कांग्रेस ने बुधवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान की घोषणा की। प्रेस वार्ता के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक और पूर्व विधायक संजय कपूर ने अभियान की जानकारी देते हुए देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया। कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर ‘वोट चोरी’ का आरोप भी लगाया।
प्रेस वार्ता में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक निर्मल घोष दस्तिदार, सिलीगुड़ी की पूर्व मेयर गंगोत्री दत्ता और दार्जिलिंग जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीवन मजूमदार उपस्थित थे।
संजय कपूर ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और मतदाताओं के नाम हटाए जाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपने ईपीआईसी (मतदाता पहचान पत्र) नंबर के जरिए मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें।
1 नवंबर को दिल्ली में रैली
कपूर ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए बताया कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित की जाएगी। इसमें इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के शामिल होने की बात कही गई है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।
दार्जिलिंग जिला कांग्रेस के मुताबिक, अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए ब्लॉक, पंचायत और बूथ स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को लोकतंत्र, संविधान और मतदान के अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।