हावड़ा में फुटपाथ दुकानदारों को आसान कर्ज का भरोसा, PMO सलाहकार ने लिया जायजा

पीएम स्वनिधि योजना के तहत बिना गारंटी ऋण की जानकारी, प्रस्तावित हॉकर्स कॉम्प्लेक्स पर भी ली राय
Howrah
फुटपाथ दुकानदारों को आसान कर्ज का भरोसा
Published on: 

हावड़ा : दुर्गापूजा से पहले फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास और उन्हें आसान शर्तों पर कर्ज उपलब्ध कराने की पहल तेज होने के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय के सलाहकार ने शनिवार को हावड़ा मैदान क्षेत्र का दौरा किया।

उनके साथ हावड़ा नगर निगम की आयुक्त भी मौजूद रहीं। PMO सलाहकार ने स्थानीय हॉकर्स से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सरकारी योजनाओं को लेकर उनकी राय जानी।

15 हजार से 50 हजार रुपये तक बिना गारंटी कर्ज

दुकानदारों से बातचीत के दौरान PMO सलाहकार नेे पीएम स्वनिधि योजना के तहत मिलने वाले कर्ज की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को 15,000 से 50,000 रुपये तक का बिना गारंटी ऋण कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा सकता है। लाभार्थियों को अपने कारोबार की वैधता दर्शाने के लिए दुकान पर लगाने हेतु सरकारी प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।

प्रस्तावित हॉकर्स कॉम्प्लेक्स पर भी चर्चा

PMO सलाहकार ने हावड़ा मैदान के पास प्रस्तावित हॉकर्स कॉम्प्लेक्स को लेकर भी दुकानदारों की राय ली। उन्होंने यह समझने का प्रयास किया कि स्थानीय असंगठित दुकानदार पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर अपना कारोबार बढ़ाने में कितनी रुचि रखते हैं। इस दौरान दुकानदारों ने रोजमर्रा के कारोबार से जुड़ी समस्याएं और अपनी जरूरतें सीधे अधिकारियों के सामने रखीं।

फुटपाथ खाली कराने की कार्रवाई के बाद बढ़ी चर्चा

यह दौरा ग्रैंड ट्रंक रोड, हावड़ा मैदान, उत्तर हावड़ा और दक्षिण हावड़ा में हाल की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाइयों के बाद हुआ है। वहीं माकपा ने दावा किया है कि इन इलाकों में करीब 3,000 हॉकर्स और छोटे दुकानदार प्रभावित हुए हैं। वहीं स्थायी दुकानदारों के संगठन ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया है। ऐसे में कर्ज सुविधा और पुनर्वास की प्रस्तावित पहल को फुटपाथ कारोबारियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in