अलीपुर चिड़ियाघर से जानवर नहीं हुए गायब: वन विभाग की जांच रिपोर्ट में CZA की गलती उजागर!

अलीपुर चिड़ियाघर से जानवर नहीं हुए गायब: वन विभाग की जांच रिपोर्ट में CZA की गलती उजागर!
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हाल ही में अलीपुर चिड़ियाघर से 321 जानवरों के ‘गायब’ होने की खबरों ने सनसनी फैला दी थी। इस मामले में केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए गंभीर आरोप लगाए गए थे। लेकिन अब इस मुद्दे पर राज्य के वन विभाग ने अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है, जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि अलीपुर चिड़ियाघर से कोई भी जानवर लापता नहीं है।

वन विभाग ने इस मामले की जांच के लिए एक आंतरिक समिति गठित की थी, जिसने विस्तृत पड़ताल के बाद अपनी रिपोर्ट हाल ही में सौंपी है। रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों में ही गलती थी। सूत्रों का कहना है कि अलीपुर चिड़ियाघर द्वारा CZA को जो जानकारी भेजी गई थी, वह पूरी तरह सही थी, लेकिन केंद्रीय स्तर पर उस डेटा को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिसे सुधारने के लिए राज्य सरकार से कहा गया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वन मंत्री बीरबाहा हांसदा ने इस प्रारंभिक जांच रिपोर्ट की समीक्षा की है, लेकिन वे फिलहाल इस पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी करने से बच रहे हैं। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "रिपोर्ट संतोषजनक है। जांच के दौरान हमें ऐसा कोई भी सबूत नहीं मिला जिससे साबित हो कि चिड़ियाघर से कोई जानवर गायब हुआ है।"

इस घटनाक्रम के बीच कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका भी दायर की गई है, जिसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई थी। अब राज्य सरकार की रिपोर्ट सामने आने के बाद वन विभाग को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन यह मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। फिलहाल सभी निगाहें उच्च न्यायालय की आगामी सुनवाई और केंद्रीय प्राधिकरण की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News