मुर्शिदाबाद जिले में पार्टी के दिवंगत कार्यकर्ता के घर पहुंचे अधीर रंजन चौधरी

Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी रविवार को मुर्शिदाबाद जिले में पार्टी कार्यकर्ता फूलचंद शेख के घर गए, जिनकी पंचायत चुनाव से पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चौधरी ने घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की 'चुप्पी' पर सवाल भी उठाया। शेख (45) के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडों ने 9 नौ जून को उस वक्त हमला किया, जब वह शुक्रवार को रतनपुर में ताश खेल रहे थे। उन्हें कांडी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि, आरोपों का टीएमसी द्वारा खंडन किया गया था। चौधरी ने शोक संतप्त परिवार को आश्वस्त किया कि हत्या के विरोध में उनकी पार्टी प्रदर्शन करेगी और न्याय की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ग्रामीणों के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग भी करेगी क्योंकि लोग भय में जी रहे हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि हमले को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने शेख के घर में लूटपाट भी की। वहीं, टीएमसी के स्थानीय नेताओं ने दावा किया कि हत्या के पीछे निजी रंजिश थी। इस बीच, पुलिस ने कहा कि इस मामले में रविवार को एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद गिरफ्तारियों की कुल संख्या तीन हो गई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News