महानगर में डेंगू से एक डॉक्टर की मौत, परिजनों ने किया नेत्र और देहदान

महानगर में डेंगू से एक डॉक्टर की मौत, परिजनों ने किया नेत्र और देहदान
Published on

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के एक डॉक्टर की शुक्रवार तड़के डेंगू से मौत हो गई। मृतक का नाम डॉ. देवद्युति चटर्जी (28) है। वह गरफा थानांतर्गत शहीद नगर इलाके के रहने वाले थे। वह रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर थे। जानकारी के मुताबिक देवद्युति पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। रक्त परीक्षण कराए जाने पर उन्हें डेंगू से पीड़ित पाया गया। वह घर पर ही इलाजरत थे। हालांकि, उनके प्लेटलेट कम होने पर गत 12 नवंबर को उनके परिजनों ने उन्हें मिंटू पार्क स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। युवा डॉक्टर की स्थित गंभीर होने की वजह ससे उन्हें सीसीयू में भर्ती रखा गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार देवद्युति का प्लेटलेट घटकर 7 हजार पहुंच गया था। हालांकि डॉक्टर के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था। शुक्रवार की सुबह 4.40 बजे देवद्युति की मौत हो गई। अस्पताल द्वारा जारी मृत्यु प्रमाणपत्र में मरीज की मौत का कारण डेंगू हेमरेजिक, शॉक सिंड्रोम, मल्टी ऑर्गन फेल्योर दर्शाया गया है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही देवद्युति का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। बेटे के इलाज के लिए उनकी मां ने अपनी किडनी दान की थी। युवा अवस्था में मौत होने के कारण देवद्युति के परिजनों ने उनके नेत्र और देह दान किए जाने का फैसला किया। देवद्युति के नेत्र को प्रियंवदा बिड़ला अरविंद आई हॉस्पिटल और देह को एसएसकेएमस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को दान किया गया है। वहीं डेंगू से महानगर में एक डॉक्टर की मौत हो जाने से स्वास्थ्य भवन भी सजग हो गया है। सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य भवन ने मृत डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट तलब की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in