श्री अग्रसेन कॉलेज के दीक्षांत समारोह में 147 विद्यार्थियों को मिला सम्मान

कॉलेज के चेयरमैन महावीर प्रसाद सराफ ने विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
Kolkata
श्री अग्रसेन कॉलेज का दीक्षांत समारोह
Published on: 

हावड़ा : श्री अग्रसेन कॉलेज, लिलुआ का दो दिवसीय दीक्षांत समारोह कॉलेज परिसर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम. और बी.बी.ए. के तीन वर्षीय कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 147 छात्र-छात्राओं को मानपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन महावीर प्रसाद सराफ ने विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की मजबूत जड़ होते हैं। उनकी उपलब्धियां संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ाती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर शोभोनीता दत्ता और प्रोफेसर निबिर गोस्वामी ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सम्मानित करना गर्व का विषय है, वहीं उनसे विदाई लेना भावुक क्षण भी है।

विद्यार्थियों ने संस्थापक न्यासी स्वर्गीय बिमला देवी सराफ की स्मृति में दी जाने वाली छात्रवृत्तियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे अनेक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलती है। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नए विद्यार्थियों का स्वागत भी किया गया। आयोजन की सफलता में कॉलेज परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in