

कुल्टी : नियामतपुर में एक ही रात में दो बड़े शो-रूम में लाखों रुपये के सामान की चोरी की घटना हुयी थी। वहीं इस घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक नियामतपुर पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला जिस कारण व्यवसायियों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष वयाप्त है। इसे लेकर व्यवसायी संगठनों की ओर से पहले नियामतपुर अग्रसेन भवन में एक बैठक की गई जिसमें काफी संख्या में व्यवसायियों ने भाग लिया। इस बैठक में पुलिस की भूमिका पर प्रश्न उठाये गये। बाद में लगभग सभी व्यवसायियों ने नियामतपुर फांड़ी परिसर में पहुंच कर प्रदर्शन किया। व्यवसायियों ने व्यवसायी संगठन जिंदाबाद एवं पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद का नारा बुलंद किया। नियामतपुर पुलिस प्रभारी अखिल मुखर्जी ने व्यवसायी संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की जांच में लगी हुयी है। शीघ्र ही इस घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की जायेगी। हालांकि पुलिस के आश्वासन के बावजूद स्थानीय व्यवसायियों में भय बना हुआ है। व्यवसायियों ने बताया कि जब उनके संस्थान की सुरक्षा नहीं होगी तो ऐसे में व्यवसाय कैसे संचालित किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक बीते 6 माह में नियामतपुर फांड़ी पुलिस ने दो मर्डर केस के मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर यह साबित करने का प्रयास किया है कि विधि- व्यवस्था की स्थिति अच्छी है। वहीं एक ही रात एक मोबाइल शो-रूम से लगभग 60 से 80 लाख रुपये के कीमती मोबायल सहित नकद 25 हजार रुपये की चोरी एवं एक रेडीमेड शो-रूम का शटर तोड़कर नकद 50 हजार रुपये की चोरी की घटना में अब तक पुलिस को कोई सुराग नही मिलना व्यवसायियों के लिये परेशानी का सबब बना हुआ है।