

बांकुड़ा: बांकुड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश आफत बनकर टूटी है। सोनमुखी नगर पालिका के वार्ड 3 स्थित राजपूत कालीतला में देर रात एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चियां और तीन महिलाएं शामिल हैं।
सोते समय भरभराकर गिरी दीवार
पेशे से बढ़ई सनत बाउरी अपने परिवार के साथ मिट्टी और टिन की छत वाले पुराने मकान में रहते हैं। तीन दिनों से जारी बारिश के कारण दीवार में सीलन आ गई थी। देर रात जब सब सो रहे थे, अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मलबे से सनत की मां, बहन, बुआ और दो बेटियों को बाहर निकालकर तुरंत सोनमुखी ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
योजना के लिए भटकता रहा परिवार
पीड़ित सनत बाउरी ने बताया, "हमने आवास योजना के लिए तृणमूल के शासनकाल में पार्षद से लेकर अधिकारी तक गुहार लगाई। सारे दस्तावेज जमा किए, लेकिन पक्का घर नहीं मिला।" स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण परिवार इस जर्जर मकान में रहने को मजबूर था।