ट्रांसफार्मर बदला फिर भी परिहारपुर-बागसिमुलिया में नहीं लौटी बिजली

लगभग एक माह से बिजली संकट से जूझ रहे लोग, इलाके में बढ़ रहा आक्रोश

जामुड़िया : आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 3 अंतर्गत परिहारपुर-बागसिमुलिया इलाके के लोगों की बिजली समस्या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। गत 5 सितंबर को क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद से यह समस्या उत्पन्न हुई। करीब एक माह बीत जाने के बावजूद बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर 9 सितंबर को स्थानीय निवासियों की ओर से अब्दुल कय्यूम, मृणालकांति भंडारी तथा सीटू नेता मनोज दत्त ने ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन लेकर ईसीएल के सातग्राम महाप्रबंधक से मुलाकात की थी। इसके बाद 13 सितंबर को परिहारपुर में नागरिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, जामुड़िया के पूर्व चेयरमैन तापस कवि, सीटू नेता मनोज दत्त, कांग्रेस नेता परितोष बाउरी, तृणमूल कार्यकर्ता मुजीबुर रहमान सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन में क्षेत्र की बिजली समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठी।
22 सितंबर को ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया और शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया। इसके बाद 28 सितंबर को अब्दुल कय्यूम, सोमेश दत्त समेत ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन लेकर सांकतोड़िया स्थित ईसीएल मुख्यालय में जीएम (ईएंडएमएम) से मुलाकात की। इसके बाद ईसीएल प्रबंधन ने खराब ट्रांसफार्मर बदलने की पहल की।
अंततः 30 सितंबर को खराब ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया। हालांकि, ट्रांसफार्मर बदलने के बावजूद अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण विद्यार्थियों, बुजुर्गों, बीमार लोगों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका सवाल है कि जब ट्रांसफार्मर बदल दिया गया है, तो बिजली आपूर्ति बहाल करने में आखिर और कितने दिन लगेंगे। स्थानीय लोगों ने ईसीएल प्रबंधन एवं संबंधित प्रशासन से तत्काल बिजली सेवा सामान्य करने की मांग की है।
Published on: 

लगभग एक माह से बिजली संकट से जूझ रहे लोग, इलाके में बढ़ रहा आक्रोश

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in