

बांकुड़ा : जिले के जयपुर और विष्णुपुर थाना क्षेत्रों में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के दिन दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं घटी हैं। इन हादसों में एक युवक की जान चली गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही मामलों में युवक बकरीद के मौके पर दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। सभी घायलों को विष्णुपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। पहला हादसा : कुत्ते को बचाने के चक्कर घटी दुर्घटना
पहली घटना जयपुर थाना क्षेत्र की है। मृत युवक का नाम आमिरुल खान है। वह जयपुर के हातबाड़ी का निवासी था और फिलहाल जादवनगर में अपने मामा के घर रह रहा था। जानकारी के अनुसार, आमिरुल बकरीद की नमाज अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोटर साइकिल से जयपुर घूमने जा रहा था। इसी दौरान महिषाबांदी पोल के पास अचानक एक कुत्ता उनकी बाइक के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क किनारे एक पानी भरे गड्ढे में जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शी इम्तियाज अली बायेन ने कहा, "हादसा बेहद भयानक था। बाइक सीधे पोल से टकराई और दोनों युवक गड्ढे में गिर गए। हमने तुरंत उन्हें संभाला और लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर आए, लेकिन दुर्भाग्य से एक को नहीं बचाया जा सका।"
परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदली
दूसरा हादसा : दोस्तों के बीच रेसिंग के चक्कर में आपस में टकराईं दो बाइकें, चार घायल
दूसरी घटना विष्णुपुर थाना क्षेत्र के प्रकाशघाट के पास की है। जानकारी के अनुसार, पात्रसायर थाने के फकीरडांगा इलाके से कुछ युवक तीन बाइकों पर सवार होकर बकरीद की खुशियां मनाने के लिए जयपुर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में युवकों के बीच आपस में ही बाइक रेसिंग (होड़) शुरू हो गई। इस दौरान अचानक प्रकाशघाट के पास तेज रफ्तार के कारण दो बाइकें आपस में टकरा गईं और उस पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को तुरंत विष्णुपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।