

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पुलिस कमिश्नर के कार्यालय में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम पर एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि POSH अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और शिकायत निवारण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को POSH अधिनियम के प्रावधानों के प्रति जागरूक करना और कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करना था। इस दौरान विशेषज्ञों ने यौन उत्पीड़न की रोकथाम, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। मौके पर पश्चिम बर्दवान के जिला जज देब प्रसाद नाथ ने कानूनी ढांचे, कार्यस्थल पर जिम्मेदारियों और यौन उत्पीड़न की रोकथाम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। साथ ही इस वर्कशॉप में सम्मान, समानता और यौन उत्पीड़न के प्रति जीरो टॉलरेंस पर आधारित कार्यस्थल संस्कृति को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया गया। इस मौके पर पश्चिम बर्दवान के जिला जज देब प्रसाद नाथ,DLSA के सचिव आम्रपाली चक्रवर्ती, डीसीपी हेडक्वार्टर केजी मीणा, पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी सहित महिला पुलिस कर्मी मौजूद थीं।