

बर्नपुर : बीएमएस से संबद्ध बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ एवं बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ द्वारा स्कोब गेट के पास एक सभा का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा जारी चार श्रमिक कोड का बीएमएस ने स्वागत करते हुये बताया कि यह श्रम कोड श्रमिक के हित में है और इससे श्रमिकों का फायदा होगा। मौके पर बीएमएस से संबद्ध बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के महासचिव संजीत बनर्जी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जो चार श्रमिक कोड जारी किये गये हैं, उसी को लेकर सभा का आयोजन किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस सभा का मुख्य उद्देश्य ठेकेदार मजदूर तक यह बात जाये कि केंद्र सरकार ने उनके लिए क्या-क्या सुविधा दी है। आगे बताया कि देश में नई श्रम संहिताएं लागू हो गई हैं, जिससे कई सुविधा मिलेंगी। सभी कामगारों को समय से न्यूनतम वेतन की गारंटी, युवाओं को नियुक्ति पत्र की गारंटी, महिलाओं को समान वेतन और सम्मान की गारंटी, 40 करोड़ श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी, फिक्स टर्म एम्प्लॉईस को एक साल बाद ग्रेच्युटी की गारंटी, 40 साल से अधिक आयु वाले श्रमिकों को सालाना मुफ्त हेल्थ चेक-अप की गारंटी, ओवरटाइम करने पर दुगने वेतन की गारंटी, जोखिम भरे क्षेत्रों के कामगारों को 100 फीसदी हेल्थ सिक्युरिटी की गारंटी है। साथ ही यह सुधार सिर्फ बदलाव भर नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी द्वारा श्रमवीरों के कल्याण के लिए लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है। इस मौके पर बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय सिंह, बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी, महासचिव संजीत प्रसाद, अमित सिंह, संतोष झा, रनधीर गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।