

पांडवेश्वर : ईसीएल के बंकोला कोलियरी अंतर्गत स्टाफ कॉलोनी के निवासी पिछले कई महीनों से पीने के पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। प्रबंधन की कथित बेरुखी से तंग आकर मंगलवार सुबह महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया और कोलियरी के फिल्टर प्लांट पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। सोमा मुखर्जी, संगीता कुमारी व अन्य प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि पिछले मार्च महीने से ही इलाके में जलापूर्ति अनियमित है। विशेष रूप से बी-टाइप कॉलोनी की ऊपरी मंजिलों पर स्थित घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा। महिलाएं जैसे-तैसे गुजारा कर रही थीं, लेकिन पिछले तीन दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। इधर आंदोलनकारियों का आरोप है कि जब भी ईसीएल अधिकारियों से शिकायत की जाती है, तो वे मोटर खराब होने का बहाना बना देते हैं। अधिकारी कहते हैं कि मोटर जल गई है, ठीक होते ही पानी मिल जाएगा। मोटर ठीक भी होती है, तो दो दिन बाद फिर खराब हो जाती है। यह सिलसिला महीनों से चल रहा है और हम बार-बार की इस परेशानी से थक चुके हैं। प्रदर्शनकारियों का यह भी दावा है कि ईसीएल की अन्य कॉलोनियों में पानी की सप्लाई सुचारू रूप से चल रही है, केवल उनके ब्लॉक के साथ भेदभाव किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक पानी की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक फिल्टर प्लांट का ताला नहीं खोला जाएगा। अंत में आंदोलनकारी महिलाओं ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय कुमार साहू से मुलाकात कर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
पूर्व विधायक ने कसा तंज
पूर्व विधायक सह भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि कामगारों के घरों में पानी मिले या न मिले, इससे प्रबंधन को कोई फर्क नहीं पड़ता है। अधिकारियों के बंगले और विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के घर में पानी सप्लाई होना चाहिए ताकि विधायक अपनी गाड़ी की धुलाई और बागबानी कर सकें। समाधान के लिए करेंगे बात
INTTUC नेता सुजीत चक्रवर्ती ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर पहले भी प्रबंधन से बात की गई है। समस्या के समाधान के लिए वह पुनः क्षेत्रीय महाप्रबंधक से बात करेंगे।