

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : सेल-आईएसपी के सीएसआर पहल के तहत कई महिलाओं को रोजगार मिला है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। बोरोथोल सहित अन्य गांवों की महिलाओं को सफाई कार्य में लगाया गया है। ये महिलाएं शहर की गंदगी और कचरे को उठाकर बर्नपुर टाउन को साफ-सुथरा रखने का काम करती हैं। महिलाओं का कहना है कि वे सुबह से शाम तक कड़ी मेहनत करती हैं, गली-मोहल्लों, सड़कों और बाजारों से कचरा उठाती हैं, लेकिन काम के मुताबिक उन्हें पगार नहीं मिलती है। उनका कहना है कि इतनी मेहनत के बाद भी मिलने वाली 3 से 4 हजार की राशि से घर चलाना मुश्किल हो जाता है। कई महिलाओं ने कहा कि वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए इस काम से जुड़ी हैं, इसलिए उन्हें उचित मजदूरी मिलनी चाहिए।फिलहाल महिलाएं उचित पगार की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि अगर उन्हें मेहनत के अनुरूप मजदूरी मिले, तो वे और भी मन लगाकर शहर को साफ रखने का काम करेंगी। वहीं, टाउन विभाग के सीएसआर से जुड़े अधिकारी का कहना है कि सीएसआर के तहत यह कार्य एक एनजीओ को दिया गया है और एनजीओ ही महिलाओं से काम करा रही है। उनका कहना है कि सीएसआर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे उन्हें कुछ आर्थिक सहयोग मिल सके। यह कोई स्थायी नौकरी नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की एक पहल है। अधिकारी ने यह भी कहा कि एनजीओ के माध्यम से ही महिलाओं को कार्य दिया गया है।