पानी की मांग को लेकर महिलाओं ने जामुड़िया में किया सड़क अवरोध

paanee ke lie pathaavarodh karate sthaaneey log
पानी के लिए पथावरोध करते स्थानीय लोग
Published on

जामुड़िया : जामुड़िया पंचायत समिति के डोबराना ग्राम पंचायत अंतर्गत खास केंदा काली मंदिर के पास सोमवार को पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 60 (रानीगंज–सीउडी रोड) पर अवरोध कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में बाल्टी, डिब्बा, हांड़ी सहित विभिन्न बर्तन लेकर पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की। करीब आधे घंटे तक चले इस सड़क अवरोध के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पाकर केंदा फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। बाद में डोबराना ग्राम पंचायत के उप-प्रधान बृजेश पांडेय के नेतृत्व में महिलाओं ने जामुड़िया बीडीओ कार्यालय जाने का निर्णय लिया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ महीने से पीएचईई विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है। इस कारण लोगों को मजबूरन पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक उन्हें पानी खरीदकर पीना पड़ेगा। महिलाओं का कहना था कि पानी की किल्लत के चलते लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बरसात के मौसम में कुएं का पानी पीने से पेट संबंधी बीमारियां और डायरिया जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in