

बांकुड़ा : छातना थाना अंतर्गत बिंदना ग्राम में रंजिश के चलते एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का नाम बुद्धदेव मंडल (50) है। वह इसी गांव का रहने वाला था। इस घटना के बाद से गांव में मातम और तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि बुद्धदेव मंडल को एक अदालती मामले में गवाही देने की सजा अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। परिजनों ने हत्या का आरोप सुभाष मंडल और दिलीप मंडल पर लगाया है। बताया जा रहा है कि जब बुद्धदेव मंडल अपने बड़े भाई के घर से लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे अभियुक्तों ने उन पर पीछे से लोहे के रॉड से हमला कर दिया। उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। हमले के तुरंत बाद उन्हें लहूलुहान हालत में बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ-साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
विवाद की पृष्ठभूमि
आरोप है कि 19 फरवरी को जमीन विवाद को लेकर कलावती मंडल पर हमला हुआ था। उस दिन कलावती मंडल जब अपनी जमीन देखने गई थीं, तो उन्होंने देखा कि दिलीप मंडल और उसका बेटा सुभाष मंडल उनकी जमीन पर अवैध रूप से घेराबंदी (बाड़) कर रहे हैं। वहीं जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो दोनों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ न केवल मारपीट की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि सुभाष मंडल ने जान से मारने की नियत से महिला के सिर पर लाठी से वार किया था। बुद्धदेव उस मामले में चश्मदीद गवाह थे। मृतक के दामाद सुमंत मंडल ने कहा कि कलावती पर हमले की घटना के गवाह होने के कारण दिलीप और सुभाष मंडल उन (बुद्धदेव ) पर न सिर्फ लगातार दबाव बना रहे थे बल्कि पिछले कुछ दिनों से उन पर हमला करने की फिराक में थे। शनिवार को मौका पाकर अभियुक्तों ने इस वारदात को अंजाम दिया। वहीं मृतक की बेटी लक्ष्मी मंडल ने कहा कि कानून उनके पिता के हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दें।