

बर्नपुर : ठंड बढ़ते ही शहर में चोरों का आतंक भी बढ़ गया है। प्राय: हर मोहल्ले एवं इलाके में चोरी की घटनाएं हो रही हैं। ऐसा लगता है कि चोरों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो गया है। ऐसी ही चोरी की एक घटना 15 नवंबर की रात नियामतपुर मार्केट के पास दो दुकानों में हुई थी। वहीं बर्नपुर अस्पताल में भी चोरों का गिरोह कोई बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था, जिसे अस्पताल की नर्सों द्वारा हल्ला मचाने पर वे लोग नौ दो ग्यारह हो गये।
क्या है पूरी घटना
अस्पताल सूत्रों का कहना है कि बर्नपुर अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड के पास क्रिकेट ग्राउंड रोड की तरफ से 4 व्यक्ति सोमवार देर रात करीब 1:45 बजे बोरा पहनकर दीवाल फांद कर अस्पताल परिसर में प्रवेश कर गये थे। वहीं ड्यूटी पर तैनात एक नर्स ने देखा कि रात के अंधेरे में कुछ चल रहा है। वहीं जब उसने खिड़की से देखा तो 4 लोग बोरा पहनकर बैठ-बैठ कर चल रहे हैं, इसके बाद वह चिल्लाई और इसकी सूचना प्रबंधन को दी गई। प्रबंधन ने सुरक्षा गार्ड को बुलाया लेकिन सुरक्षा गार्ड के पहुंचने से पहले ही चोर भाग चुके थे।
सुरक्षा को लेकर उठा सवाल
बर्नपुर अस्पताल परिसर में कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल के मुख्य द्वार पर सिर्फ सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और बाकी जगहों तक कोई सुरक्षा नहीं है। चोरों को पता है कि उन्हें कैसे और किधर से जाना है। कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में लगातार चोरी हो रही है पर सुरक्षा नहीं बढ़ायी जा रही है। एक कर्मचारी ने बताया कि वे कार्य के दौरान अपनी साइकिल को अस्पताल के अंदर रखते हैं कारण कई साइकिलें भी चोरी हो चुकी हैं।