

बर्दवान : रविवार रात करीब 7 बजे, विवाहेत्तर संबंधों के कारण कथित तौर पर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। बर्दवान के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अर्क बंदोपाध्याय ने बताया कि पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि हत्या किसी भारी वस्तु से वार करके की गई है। मृतक की पहचान सफीकुल इस्लाम अंसारी उर्फ आरिफ (44) के रूप में हुई है, जो देवानदिघी थाना क्षेत्र के खेतिया विजयबाटी इलाके का रहने वाला था। मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सफीकुल की पत्नी रजिया सुल्ताना और उसके प्रेमी ममताजुद्दीन शेख उर्फ उज्ज्वल शेख को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
एएसपी ने बताया कि रविवार सुबह सफीकुल अपनी पत्नी और बेटी के साथ उज्ज्वल शेख के घर (मिलिकपाड़ा) एक निमंत्रण पर गया था। वहां से वह एक ज्वेलरी की दुकान पर खरीदारी करने भी गया था। जानकारी के अनुसार सफीकुल चेन्नई में एक आभूषण की दुकान में काम करता था और उसे वापस जाना था, लेकिन किसी कारणवश उसने अपना टिकट रद्द कर दिया था। रविवार को अभियुक्त उज्ज्वल शेख ने थाने जाकर कहानी गढ़ी कि जब वह और सफीकुल लौट रहे थे, तब कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोका और सफीकुल का अपहरण कर लिया, जबकि वह किसी तरह बचकर भाग निकला। पुलिस ने जांच शुरू की और सिंचाई नहर (Canal) से सफीकुल का लहूलुहान शव बरामद किया। प्राथमिक जांच के अनुसार, हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया था। पूछताछ के दौरान रजिया और उज्ज्वल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, उज्ज्वल भी शादीशुदा है। चूंकि सफीकुल अक्सर बाहर रहता था, इसलिए रजिया और उज्ज्वल ने शादी करने का फैसला किया था और सफीकुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। सोमवार को दोनों अभियुक्तों को बर्दवान कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने आगे की जांच के लिए उन्हें हिरासत में देने की मांग की गयी।