

बीरभूम : जिले के सीउड़ी स्थित आबदारपुर इलाके में 14 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के गड्ढे में भरे पानी में जाल डालकर मछली पकड़ने का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चा होने लगी है। जानकारी के मुताबिक, सुबह मछलियों से लदा एक टोटो (ई-रिक्शा) इस रास्ते से गुजरते समय गड्ढे में गिरकर पलट गया। टोटो से कई मछलियां सड़क के जमा पानी में गिर गईं, जिन्हें स्थानीय लोग जाल डालकर पकड़ने लगे। इस घटना ने राष्ट्रीय राजमार्ग की लंबे समय से बदहाल स्थिति की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की गिट्टी और तारकोल उखड़ जाने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भर जाने के कारण ये गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिससे लोगों को हर दिन जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ता है। भारी वाहनों के फंसने से रोज जाम लगना आम बात हो गई है। हादसों से बचने के लिए स्थानीय निवासियों ने सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। सड़क पर हो रही है अक्सर दुर्घटनाएं स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क में बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं। काफी लोग जख्मी हो रहे हैं। एक और जहां सड़क पर बने बड़े गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं तो वहीं प्रशासन इस ओर से पूरी तरह से आंखें मूंदे बैठा है।