

अंडाल : आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के अपने क्षेत्र से गायब रहने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने एक अनोखा विरोध दर्ज कराया है। शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंडाल थाने के उखड़ा आउटपोस्ट पहुंचकर सांसद के नाम प्रतीकात्मक 'लापता डायरी' (गुमशुदगी की शिकायत) दर्ज कराई। राजनीतिक गलियारों में यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है।
चुनाव के बाद से नहीं दिखे 'खामोश' सांसद
मामले में भाजपा कार्यकर्ता दयाल चटर्जी ने कहा, "चुनाव खत्म होने के बाद से ही सांसद शत्रुघ्न सिन्हा अपने क्षेत्र में दिखाई नहीं दे रहे हैं। जब स्थानीय जनता अपनी समस्याएं लेकर उनसे संपर्क करने की कोशिश करती है, तो उन्हें निराशा ही हाथ लगती है।" खामोश कहने वाले सांसद आसनसोल से खामोश क्यों हो गये हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचने के लिए ही यह प्रतीकात्मक गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई है। इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम और भाजपा के आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान सामने नहीं आया है।