

बर्नपुर : जिला स्कूल खेल एवं क्रीड़ा परिषद पश्चिम बर्दवान के तत्वावधान में बर्नपुर बॉयज हाई स्कूल में तृतीय जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने पूर्व में उप-मंडल स्तरीय चयन प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त की थी। प्रतियोगिता में कुल 18 विद्यार्थी विजयी घोषित किए गए, जो अब आगामी माह सिलीगुड़ी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स में पश्चिम बर्दवान जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे। गौरतलब है कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला रहा बल्कि छात्रों में अनुशासन खेल भावना और आत्मविश्वास को भी प्रोत्साहित करने वाला सिद्ध हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विजेताओं को बधाई दी। इस मौके पर सेल आईएसपी के सीजीएम एचआर जितेंद्र कुमार, एजीएम (एचआर-शिक्षा) ट्यूलिप लाकड़ा, शिक्षा प्रंबधक मीता धल, जिला स्कूल खेल एवं क्रीड़ा परिषद पश्चिम बर्दवान के सचिव कौशिक सरकार, राष्ट्रीय स्कूल गेम्स (बॉक्सिंग) के संयोजक परमजीत सिंह, बर्नपुर बॉयज हाई स्कूल के वाइस प्रिंसिपल मोहम्मद कुदूस, बर्नपुर गर्ल्स हाई स्कूल के वाइस प्रिंसिपल सौमेन चक्रवर्ती, कर्मचारी, अभिभावक, प्रशिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।