वार्ड 23 में तालाब भराई के खिलाफ मुखर हुए लोग

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है
वार्ड 23 में तालाब भराई के खिलाफ मुखर हुए लोग
Published on: 

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाना के चांदमारी के रायफल क्लब के पास सड़क किनारे काफी पुराने तालाब को धीरे-धीरे भरने की योजना पर स्थानीय लोगों ने सामने आकर विरोध जताना शुरू कर दिया है। स्थानीय पिंटू मुखर्जी सहित कई लोगों ने तालाब भराई का विरोध करते हुए आवाज उठाई है। तालाब को भरकर कहीं खटाल तो कहीं दुकान बनाए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पिंटू मुखर्जी के नेतृत्व में गुरुवार को कई स्थानीय लोगों ने इस मुद्दे को लेकर विरोध जताया। उनका आरोप है कि तृणमूल सरकार के कार्यकाल में विभिन्न जगहों पर कथित तौर पर तालाबों को भरकर अवैध निर्माण किए गए हैं। कहीं खटाल बनाए गए हैं, तो कहीं दुकानों का निर्माण कर जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके कारण इलाके के आम लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पिंटू मुखर्जी ने कहा कि एक समय इस तालाब के पानी का इस्तेमाल इलाके के अनेक लोग विभिन्न कार्यों के लिए करते थे, लेकिन आज तालाब में कचरा और गंदगी फेंके जाने के कारण जलाशय प्रदूषित हो चुका है। इसके साथ ही तालाब की जमीन को भरकर अलग-अलग कार्यों में इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस तरह के अवैध कार्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतीत में जिस तरह से जलाशयों को भरने का काम हुआ है, उसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस दिन स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की कि पूरे मामले की जल्द जांच कराई जाए। साथ ही तालाब की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर जलाशय का अस्तित्व बचाने और उसकी सफाई के लिए उचित कदम उठाए जाएं।

अब देखना यह होगा कि चांदमारी इलाके में राइफल क्लब के पास तालाब भरने और प्रदूषण की शिकायत सामने आने के बाद आसनसोल नगर निगम तथा संबंधित प्रशासन कितनी जल्दी कार्रवाई करता है। इसके पहले नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित दी गई थी, लेकिन तृणमूल सरकार होने के कारण मामले को दबा दिया गया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News