

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
सालानपुर : सालानपुर ब्लॉक के कल्याणेश्वरी अंतर्गत कोदोविटा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रेमिंग मास (पत्थर डस्ट) निर्माता कंपनी जाजू रश्मि रिफ्रैक्ट्रीज लिमिटेड में कार्यरत एक श्रमिक की मौत के दो महीने बाद भी उसके परिजनों को घोषित 20 लाख रुपये का मुआवजा नहीं मिल सका है। मृतक कृष्णा प्रसाद उर्फ छोटका के परिवार का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने मौत के तत्काल बाद मुआवजा देने का आश्वासन देकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई, लेकिन अब भुगतान के समय अलग-अलग दलीलें देकर मामले को टाल रहा है। प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर मृतक की मौत को शराब सेवन से जोड़ने की बात सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है। इससे नाराज मृतक की पत्नी, परिजनों और स्थानीय भाजपा नेताओं ने कंपनी को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय में सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो फैक्ट्री गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
काम के दौरान बिगड़ी थी तबीयत, 22 सितंबर को हुई मौत
मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णा प्रसाद उर्फ छोटका जाजू रश्मि रिफ्रैक्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में कार्यरत थे। काम के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर पहले उन्हें ईएसआई अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के बाद उन्हें आसनसोल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां 22 सितंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
20 लाख मुआवजे का आश्वासन, फिर क्यों बदला रुख?
श्रमिक की मौत के बाद परिजनों और भाजपा नेताओं ने कारखाना परिसर में विरोध प्रदर्शन कर 20 लाख रुपये मुआवजे के साथ इलाज पर हुए खर्च की भरपाई की मांग उठाई थी। उस समय कंपनी प्रबंधन ने अंतिम संस्कार का खर्च उठाने की जिम्मेदारी लेते हुए परिवार को भरोसे में लिया था। आरोप है कि प्रबंधन ने शव का दाह संस्कार कराने के बाद जयपुर स्थित कंपनी के मुख्य प्रबंधन से विचार-विमर्श कर एक सप्ताह के भीतर मुआवजे के भुगतान का लिखित आश्वासन दिया था। परिजनों ने इसी भरोसे पर आंदोलन समाप्त किया था। लेकिन एक सप्ताह की समय सीमा कब दो महीने में बदल गई, इसका जवाब अब तक परिवार को नहीं मिला है। परिवार का कहना है कि आर्थिक संकट के बीच उन्हें न तो मुआवजा मिला और न ही इलाज के खर्च को लेकर कोई ठोस निर्णय लिया गया।