वाहन चोरी का अभियुक्त थाने के बाथरूम की खिड़की से हुआ फरार

अभियुक्त के लिए मैराथन छापामारी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
इसी खिड़की को तोड़ कर फरार हुआ है अभियुक्त
इसी खिड़की को तोड़ कर फरार हुआ है अभियुक्त
Published on: 

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : कोकोवेन थाना की पुलिस 24 घंटे में वाहन चोरी के अभियुक्त को बिहार के औरंगाबाद से गिरफ्तार करने में सफल हुई थी। वहीं दूसरी तरफ अभियुक्त को थाने से फरार होने में 12 घंटे का भी समय नहीं लगा। अभियुक्त के फरार होने की घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए मैराथन छापामारी कर रही है। कोकोवेन थाने से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। टाटा सुमो चोरी के आरोप में गिरफ्तार अभियुक्त शनिवार रात थाने के बाथरूम की खिड़की से फरार हो गया। वहीं घटना की खबर मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी थाना पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

फरार अभियुक्त की पहचान मनोज चक्रवर्ती के रूप में हुई, जो उत्तर 24 परगना के बागदा का रहने वाला है। कोकोवेन थाना की पुलिस ने उसे शुक्रवार को बिहार के औरंगाबाद से गिरफ्तार किया था। दुर्गापुर स्टेशन बाजार संलग्न कार स्टैंड से टाटा सुमो चोरी कर बिहार के औरंगाबाद में छुपा हुआ था। वहीं चोरी के 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने वाहन को भी बरामद कर लिया था। दुर्गापुर अनुमंडल अदालत से अभियुक्त को रिमांड पर लिया गया था।

इसके बाद पुलिस उसे थाने में लाकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान शनिवार रात वह बाथरूम जाने के बहाने गया और खिड़की से कूदकर फरार हो गया। इस घटना से थाने में हड़कंप मच गया। अभियुक्त की तलाश के लिए जगह-जगह नाकेबंदी की गई है। दुर्गापुर में सड़कों के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अभियुक्त किस रास्ते से भागा, इसकी जांच की जा रही है। वहीं थाना से अभियुक्त के फरार होने को लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल अभियुक्त की तलाश में जगह-जगह छापेमारी जारी है। इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी लगातार बैठक कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो जांच में लापरवाही के लिए जिम्मेदार पुलिस कर्मियों पर गाज गिर सकती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News