

दुर्गापुर : कांकसा थाना क्षेत्र के बीरूडीहा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक निजी ऑक्सीजन सप्लाई फैक्ट्री में उपद्रवियों ने जबरन घुसकर तोड़फोड़ की और जमकर तांडव मचाया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही कांकसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण किया। वहीं तोड़फोड़ की घटना से प्लांट को काफी नुकसान हुआ है।
हमलावरों ने मजदूरों के साथ की मारपीट
ऑक्सीजन सप्लाई फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार अचानक एक समूह ने फैक्ट्री में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान उपद्रवियों ने फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को बेरहमी से पीटा और उन्हें बाहर निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने जबरन काम बंद करवा दिया। इस घटना से फैक्ट्री में काम करने वाले सभी कर्मचारी भयभीत हो गए और काम बंद कर बाहर निकल गए। प्रबंधन ने बताया कि उनकी कंपनी कई अन्य जिलों में ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति करती है। वहीं फैक्ट्री में उत्पात मचाने के कारण ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई बाधित हो गई। इस कारण स्थानीय अस्पतालों में संकट गहराने की आशंका पैदा हो गई है। उन्होंने चिंता जताई कि समय पर ऑक्सीजन नहीं पहुंचने से कई मरीजों को समस्या हो सकती है। वहीं प्लांट के मजदूरों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने फैक्ट्री में जबरन घुसकर उत्पात मचाया और काम बंद करा दिया। आरोप है कि ये लोग फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को बाहर निकालकर अपनी पसंद के लोगों को नौकरी दिलवाना चाहते हैं। इस दौरान समय पर पुलिस को पहुंचने से स्थिति नियंत्रित हुई है।
पुलिस के हस्तक्षेप से शुरू हुआ काम
कांकसा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री प्रशासन को सुरक्षा का आश्वासन दिया। इसके बाद फैक्ट्री में दोबारा काम शुरू किया गया। हालांकि इस घटना से फैक्ट्री प्रबंधन को भारी नुकसान हुआ है। वहीं मारपीट के बाद कर्मचारियों को दोबारा काम पर लौटने के लिए मनाना मुश्किल हो रहा है। मारपीट में शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवेदन किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं प्लांट में घुसकर तोड़फोड़ एवं मजदूरों से मारपीट करने वाले अभियुक्तों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।