कोलियरी में 41 श्रमिकों की हाजिरी रोकने पर हंगामा

HMS ने किया जोरदार प्रदर्शन
प्रदर्शन करते HMS समर्थक
प्रदर्शन करते HMS समर्थक
Published on

अंडाल : ईसीएल के काजोड़ा क्षेत्र अंतर्गत खास काजोड़ा कोलियरी में प्रबंधन की कथित तानाशाही और मनमाने रवैये के खिलाफ श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा। बिना किसी पूर्व औपचारिक सूचना के अचानक 41 कोयला मजदूरों की दैनिक हाजिरी (अटेंडेंस) बंद किए जाने के विरोध में श्रमिक संगठन 'कोलियरी मजदूर कांग्रेस' ( HMS) ने शुक्रवार सुबह कोलियरी के एजेंट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में संगठन से जुड़े सैकड़ों मजदूर और समर्थक एकजुट हुए।

अंडरग्राउंड ड्यूटी के लिए जबरन दबाव बनाने का आरोप

मजदूरों को संबोधित करते हुए सीएमसी के एरिया सचिव विष्णुदेव नोनिया ने प्रबंधन की इस कार्रवाई को पूरी तरह से अन्यायपूर्ण, मनमाना और अमानवीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन कुल 41 कर्मचारियों पर जबरन अंडरग्राउंड (भूमिगत) ड्यूटी पर जाने का दबाव बना रहा है। वहीं जब मजदूरों ने इसका विरोध किया तो प्रबंधन ने प्रतिशोध की भावना से काम करते हुए उनकी हाजिरी ही रोक दी। साफ कह दिया गया है कि जब तक वे भूमिगत खदान में काम पर योगदान नहीं देंगे, तब तक उनकी हाजिरी नहीं बनने दी जाएगी।

5 वर्षों से बिना अंडरग्राउंड भत्ते के सरफेस पर कर रहे थे सेवा

महाप्रबंधक को सौंपे गए आधिकारिक विरोध पत्र का हवाला देते हुए HMS नेताओं ने स्पष्ट किया कि ये सभी 41 कर्मचारी पिछले पांच वर्षों से प्रबंधन की पूर्ण जानकारी, लिखित स्वीकृति और प्रशासनिक व्यवस्था के तहत ही धरातल (सर्फेस) पर पूरी ईमानदारी से अपनी सेवाएं दे रहे थे। इन पांच वर्षों के दौरान उन्हें कोई अंडरग्राउंड अलाउंस (भूमिगत भत्ता) भी नहीं दिया गया। इतने लंबे समय तक धरातल पर सेवा लेने के बाद, प्रबंधन अचानक इस तरह से उनकी सेवा शर्तों में बदलाव नहीं कर सकता। बिना किसी नोटिस के हाजिरी रोकना मजदूरों के पेट पर लात मारने जैसा है। विष्णुदेव नोनियां ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रबंधन की इस दमनकारी नीति से क्षेत्र की औद्योगिक शांति और सौहार्द पूरी तरह बाधित हो सकता है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो चक्का जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।

महाप्रबंधक को मांग पत्र प्रेषित

इस प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने एजेंट के माध्यम से काजोड़ा क्षेत्र के महाप्रबंधक को अपना मांग पत्र सौंपा। इसकी प्रतियां खास काजोड़ा कोलियरी के एजेंट और सीएमसी (एचएमएस) के महासचिव एसके को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं। प्रदर्शनकारी मजदूरों ने साफ किया है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आने वाले दिनों में और बड़ा व उग्र आंदोलन बाध्यकारी होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कोलियरी प्रबंधन की होगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in