

आसनसोल : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आसनसोल नगर निगम में भाजपा और तृणमूल को एक ही मंच पर देखने से चर्चा का विषय बन गया है। वहीं इस चर्चा का विषय एक सकारात्मक संदेश दे रहा है कि बड़े मुद्दों पर एकजुटता होना सही है। गौरतलब है कि आसनसोल नगर निगम परिसर में आयोजित पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी और तृणमूल कांग्रेस के कई जनप्रतिनिधि एक ही मंच पर दिखाई दिए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को हरित भविष्य की ओर प्रेरित करना था। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लोगों के बीच पौधों का वितरण किया गया। वहीं सभी नेताओं और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण बनाने का संदेश दिया। इस मौके पर भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय, उपमेयर वशीमूल हक, अभिजीत घटक, चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, सचिव केके मंडल, बोरो चेयरमैन उत्पल सिन्हा सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।