पुलिस ने फिर 7 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार

ऑपरेशन साइबर प्रहार के तहत पुलिस ने नियामतपुर हरिजन पाड़ा में की छापेमारी
पुलिस ने फिर 7 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल/कुल्टी : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर ऑपरेशन साइबर प्रहार के तहत पुलिस ने नियामतपुर हरिजन पाड़ा सहित विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाकर 7 लोगों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी अभियान सोमवार देर रात पुलिस ने चलाया और साइबर अपराधियों को पकड़ने के साथ ही छह मोबाइल जब्त किया। वहीं बरामद दो मोटर साइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुजीत रुईदास, आकाश रुईदास, जितेन रुईदास, राजकुमार रुईदास, उज्ज्वल दास, सुनील रुईदास और राज रुईदास के रूप में हुई है। सभी अभियुक्त कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर के मुचीपाड़ा इलाके के रहने वाले बताये जाते हैं। पुलिस ने अदालत से अभियुक्तों को 4 दिनों के रिमांड पर लिया है। ज्ञात हो कि नियामतपुर के हरिजन पाड़ा इलाके में साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने पहले भी बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। उस कार्रवाई में कई अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के साथ उनके मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड समेत कई सामान बरामद किए गए थे। जांच के दौरान साइबर ठगी से जुड़े आर्थिक लेन-देन और बैंक खातों के इस्तेमाल को लेकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। पुलिस के मुताबिक, अभियान के शुरुआती चरण में कुल 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से करीब तीन लाख रुपये समेत कई सामान बरामद किए गए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ और बरामद सामान की जांच के बाद पुलिस को साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों तथा आर्थिक लेन-देन के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए कई अन्य संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के आधार पर पुलिस की नजर में रहे इन सात अभियुक्तों की तलाश पहले से की जा रही थी। गौरतलब है कि अगस्त के तीसरे सप्ताह से साइबर अपराध के खिलाफ 'ऑपरेशन साइबर प्रहार' के तहत ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इस अभियान के तहत साइबर अपराध से विभिन्न रूपों में जुड़े होने के आरोप में अब तक कुल 115 अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in