कारखाने में कार्य के दौरान दुर्घटना में दो श्रमिकों की मौत

कारखाने में कार्य के दौरान दुर्घटना में दो श्रमिकों की मौत
Published on

जामुड़िया : जामुड़िया थाना क्षेत्र के केंदा फांड़ी अंतर्गत धंसल मोड़ स्थित निजी कारखाना जेबी ऊर्जा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस दिन सुबह करीब 10 बजे निर्माण कार्य के दौरान अल्बेस्टर शीट लगाने के समय अचानक शीट टूटकर गिर गया, जिससे उस पर काम कर रहे दो श्रमिक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दोनों श्रमिकों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान फहीम अंसारी (36) और आसिफ इकबाल (42) के रूप में हुई है। दोनों श्रमिक कुल्टी के निवासी थे और आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 65 क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और अन्य श्रमिक बड़ी संख्या में कारखाना परिसर में पहुंच गए। हादसे के बाद कारखाना परिसर में तनाव का माहौल बन गया। श्रमिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता के अल्बेस्टर शीट का उपयोग किया जा रहा था, जिस वजह से यह दुर्घटना हुई। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया गया होता और बेहतर गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जाता, तो इस तरह की जानलेवा घटना टाली जा सकती थी। सूचना मिलने पर जामुड़िया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृत श्रमिकों के परिजन और सहकर्मी मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को इस संबंध में कारखाना मालिक और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच बातचीत होने की संभावना है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in