

सालानपुर : सालानपुर क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध कोयला कारोबार पर सीआईएसएफ ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इथोड़ा के पास की गई इस कार्रवाई में करीब 48 टन कोयले से लदे दो ट्रकों जब्त किया गया। जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सालानपुर एरिया के इथोड़ा के पास संदिग्ध ट्रकों को रोका। जांच के दौरान दोनों ट्रकों पर भारी मात्रा में कोयला लदा पाया गया। वहीं जब ड्राइवरों से परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके स्थिति को संदिग्ध पाते हुए सीआईएसएफ ने तुरंत दोनों ट्रकों को कोयले सहित जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए सालानपुर थाना को सुपुर्द कर दिया।
जांच और कार्रवाई
पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं और कहां से कोयला लाया जा रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। लगातार छापेमारी और कार्रवाई के बावजूद सालानपुर क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। वहीं सवाल यह उठ रहा है कि किसके संरक्षण में चल रहा है यह काला खेल ? हर कार्रवाई के बाद सालानपुर में क्या यूं ही चलता रहेगा कोयले का काला कारोबार ? कोयला माफिया के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई में सीआईएसएफ मोहनपुर की टीम और ईसीएल सुरक्षा ने देर रात छापेमारी कर अवैध परिवहन की कमर तोड़ दी। कार्रवाई इतनी सटीक थी कि ट्रक ड्राइवर भागने या कोई बहाना बनाने का मौका तक नहीं पा सके। टीम ने मौके पर ही दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और पूरे मामले को अपने नियंत्रण में ले लिया। सीआईएसएफ के नए कमांडेंट राहुल सिंह गौतम का कहना है कि कोयला माफिया के खिलाफ यह कार्रवाई साफ संकेत है। अब काली कमाई का खेल ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है।