पूर्व मिदनापुर में सोने की दुकान मे हुयी डकैती के मामले में उत्तर प्रदेश से 2 और अभियुक्त हुए गिरफ्तार
विजय, सन्मार्ग संवाददाता
पूर्व मिदनापुर : पूर्व मिदनापुर जिले के तमलुक में गत माह पहले सोने की एक दुकान में हुयी डकैती के मामले में पुलिस ने उत्तरप्रदेश से 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक को गाजियाबाद से पकड़ा गय़ा। जबकि दूसरे अभियुक्त को आगरा से दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम नरेश उर्फ नट्टू तथा सोनू है। अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 9 एमएम की एक पिस्टल और 3 कारतूस भी बरामद किया है। इसके अलावा अभियुक्तों के पास से 160 ग्राम स्वर्णाभूषण भी बरामद किया गया है। मालूम हो कि तमलुक के मिलन नगर बाजार में 22 सितंबर को सोने की एक दुकान में भीषण डकैती हुयी थी। आग्नेयास्त्र के बल पर डकैतों ने उस दुकान में धावा बोलकर लाखों रुपये के स्वर्णाभूषण लूटकर फरार हो गए थे। जिसे लेकर जिले में काफी हड़कंप मच गया था। इस डकैती कांड की तफ्तीश में जुटी जिला पुलिस ने विभिन्न जगहों पर स्थित कुल 172 सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और सभी 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस डकैती कांड में इसके पहले 5 अभियुक्तों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जिनके नाम बाप्पादित्य बाग, दिलीप माईती, श्रीकांत, माझी, देवाशीष सामंत और सुशांत माझी है। फिलहाल सभी 5 अभियुक्त न्यायिक हिरासत में हैं। अब इस डकैती कांड में उत्तर प्रदेश से 2 और अभियुक्तों की गिरफ्तारी होने से इस मामले में गिरफ्तार होने वालों की संख्या कुल 7 तक जा पहुंची है। पूर्व मिदनापुर के एसपी मिथुन कुमार दे ने इसे लेकर बुधवार को प्रेस मीट का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि तमलुक में एक सोने की दुकान में हुयी डकैती के मामले में कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें उत्तर प्रदेश के 2 अभियुक्त भी शामिल है। अभियुक्तों से पूछताछ कर पुलिस इस डकैती कांड की पूरी छानबीन कर रही है।

