

बर्दवान : भातार थाना अंतर्गत महाता गांव में कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका का नाम बिजलीबाला मंडल (61) है। सोमवार दोपहर जब वह गांव की सड़क से होकर पैदल जा रही थी, उसी समय एक कार ने उसे टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके परिवार के लोग उसे बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। वहीं मंतेश्वर थाना अंतर्गत कुसुमग्राम में बाइक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम सलीम शेख (21) है। वह बाइक मरम्मत का काम करता था। उसके घर के पास एक गैराज था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार सोमवार दोपहर गैराज में काम करते समय उसे एक बाइक ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे उठाया और मंतेश्वर स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उसे बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।