बर्नपुर : सेल आईएसपी के 'A' कंपनी के पुराने कूलिंग टावर क्षेत्र में चोरी करने के मामले में दो अभियुक्तों को सीआईएसएफ ने पकड़ा। अभियुक्त का नाम जय मंडल और मुन्ना मंडल हैं, जो करीम डंगाल इलाके के रहने वाले हैं और सेल आईएसपी प्रोजेक्ट्स में HI-TECH Enterprise के तहत ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत हैं। आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए उन्हें हीरापुर थाना को सौंप दिया गया। हीरापुर थाना ने बीएनएस 305, 317(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल है।
क्या है घटना
पुराने कूलिंग टावर क्षेत्र में यूनिट CIW कर्मियों द्वारा ठेका मजदूरों की अचानक जांच के दौरान दोनों व्यक्ति संदिग्ध तरीके से घूमते हुए पाए गए। गहन शारीरिक जांच करने पर पता चला कि उन्होंने लगभग 12 किलोग्राम तांबे का कबाड़ छिपा रखा था। पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने चोरी करने और स्कोब गेट के रास्ते अवैध रूप से प्लांट परिसर से बाहर ले जाने के इरादे से अपने कपड़ों के नीचे कमर के चारों ओर लपेटकर छिपा रखा था। CIW ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने तुरंत छिपे हुए तांबे सहित दोनों व्यक्तियों को धर दबोचा। पूछताछ करने पर यह भी पता चला है कि इस मामले में कुछ अन्य कर्मी भी शामिल हैं। इसके बाद उन्हें आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए हीरापुर थाना को सौंप दिया गया।