टुलू मंडल से 5 घंटे हुई पूछताछ

मोहम्मदबाजार थाने में हुई पूछताछ
टुलू मंडल से 5 घंटे हुई पूछताछ
Published on: 


बीरभूम : रिजेक्ट बालू और पत्थर के अवैध भंडारण से जुड़े मामले में लगभग 5 घंटे की मैराथन पूछताछ के बाद कारोबारी टुलू मंडल मोहम्मदबाजार थाने से बाहर निकले। थाने से बाहर आकर उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही, जबकि उनके वकील ने पुलिस की इस कार्रवाई की वैधता पर सवाल उठाए हैं। थाने से बाहर निकलने के बाद टुलुू मंडल ने मीडिया को बताया कि उन्हें रिजेक्ट बालू और पत्थर के भंडारण से संबंधित एक मामले में तलब किया गया था। उन्होंने कहा कि वे पुलिस के बुलावे पर हाजिर हुए हैं और जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं। टुलु मंडल के वकील राफेल हक ने पुलिस के समन पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है और पुलिस इसमें चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है, तो फिर इस स्तर पर टुलु मंडल को पूछताछ के लिए क्यों बुलाया गया? दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों ने इस पूछताछ को जांच का जरूरी हिस्सा बताया है। पुलिस का दावा है कि घटना और जांच के दौरान टुलु मंडल विदेश में थे, जिसके कारण उनसे पूछताछ पूरी नहीं हो सकी थी। मामले की तह तक जाने के लिए उनका बयान दर्ज करना आवश्यक था, इसीलिए उन्हें थाने बुलाया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News