

बाराबनी : बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भाजपा-तृणमूल का संघर्ष थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक मामला थमता नहीं कि दूसरा मामला सामने आ जाता है। बाराबनी थाने के ईटापाड़ा में बीती रविवार रात तृणमूल कर्मियों पर भाजपा समर्थक के घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार ईटापाड़ा निवासी भाजपा कर्मी जगबंधु दत्ता के घर में गत रात कथित तौर पर तृणमूल कर्मी लोकनाथ बाउरी और गगन बाउरी ने घुसकर उनकी पिटाई की। इसके साथ ही उनकी पत्नी बेबी दत्ता और उनकी नाबालिग बेटी कोयल दत्त की भी पिटाई की गई। इसकी सूचना पाते ही भाजपा प्रदेश सदस्य अरिजीत राय उनके घर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने बाराबनी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं जब एक घंटा बीत गया तब भी अभियुक्तों के घर पुलिस पूछताछ व उन्हें गिरफ्तार करने नहीं पहुंची। इसके बाद अरिजीत राय के नेतृत्व में रात करीब 11 बजे थाने के समक्ष प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गये। अरिजीत राय ने कहा कि बाराबनी में आये दिन भाजपा कर्मियों को लक्ष्य कर हमला किया जा रहा है। पुलिस मूकदर्शक बन कर तमाशा देखती रहती है। तृणमूल की जगह दूसरे राजनीतिक पार्टी के सदस्य व समर्थक होने पर छोटी शिकायत पर पुलिस गिरफ्तार कर लेती है। बंगाल की पुलिस तृणमूल का कैडर बन कर काम कर रही है। 2026 में भाजपा की सरकार बनने पर पुलिस से जवाब लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद भाजपा ने आंदोलन समाप्त किया।