

आसनसोल : चुनावी माहौल के बीच भाजपा के एक कर्मी के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है। गौरतलब है कि यह घटना आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के वार्ड 49 के बुधा गांव इलाके की है। भाजपा कार्यकर्ता विश्वजीत सिंह एवं उसकी पत्नी जयंती राय ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रचार के दौरान उन पर तृणमूल कार्यकर्ता के द्वारा हमला किया गया। मौके पर उन्होंने बताया कि भाजपा का झंडा लगाने के दौरान तृणमूल के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंचे और झंडा लगाने से रोक दिया। साथ ही भाजपा के पक्ष में प्रचार नहीं करने की धमकी भी दी गई। इसके बाद जब हंगामा हुआ तो भाजपा की तरफ से मंडल -3 अध्यक्ष अमिता श्री एवं तृणमूल की तरफ से स्थानीय तृणमूल पार्षद शम्पा दां पहुंची।
भाजपा व तृणमूल ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप
आसनसोल उत्तर मंडल -3 अध्यक्ष अमिता श्री ने कहा कि उनके साथ रहने वाले भाजपा कर्मी को बातचीत के लिए एक कमरे में बुलाया गया लेकिन जैसे ही वह कमरे में पहुंचे, दरवाजा अंदर से बंद कर दिया गया, उनका मोबाइल फोन छीन कर तोड़ दिया गया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। वहीं पार्षद शम्पा दां ने कहा कि तृणमूल कार्यकर्ता ने ऐसा कुछ भी नहीं किया है। वे भी वहां मौजूद थीं। भाजपा द्वारा लगाए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और वे लोग महिला पार्षद की इज्जत भी नहीं करते हैं और न ही ठीक से बात करते हैं।
मामला पहुंचा थाना
घटना के बाद भाजपा नेता और आसनसोल उत्तर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी ने आसनसोल साउथ थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं तृणमूल की ओर से इस घटना को बेबुनियाद बताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध शिकायत की गई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।