
आसनसोल : आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल को विधानसभा से निलंबित किये जाने के बाद भाजपा समर्थकों ने सोमवार शाम बर्नपुर त्रिवेणी मोड़ पर विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने राज्य सरकार एवं तृणमूल कांग्रेस पर कई तरह के आरोप लगाये। इस संबंध में तृणमूल प्रदेश सचिव शिवदासन दासू ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुये कहा कि भाजपा के 10 लोग सड़क अवरोध और प्रदर्शन कर बंगाल की जनता को बेवकूफ नहीं बना सकते। बंगाल की जनता राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ है। साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा में कोई हंगामा कर अशांति फैलायेगा तो क्या उसे बाहर नहीं निकाला जायेगा। उन्होंने कहा कि जो हुआ है, एकदम सही हुआ है। उन्होंने अग्निमित्रा पॉल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे 2021 में भाजपा में आने के बाद से अपने आप को हाईलाइट करने के लिए तरह-तरह के मनगढ़ंत आरोप राज्य सरकार के खिलाफ लगाती रही हैं। इसे जनता जान चुकी है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुये कहा कि अग्निमित्रा पॉल, शुभेंदु अधिकारी के साथ मिलकर ममता बनर्जी को बदनाम करने के लिए दिन-रात झूठे आरोप लगाती रहती हैं। ममता बनर्जी जितना भी अच्छा काम कर लें, ये लोग अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए उनमें खामियां खोजने में लगे रहते हैं। राज्य की जनता भाजपा का सपना कभी पूरा नहीं होने देगी।