तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राजीव घोष गिरफ्तार

भाजपा कर्मियों ने जूता दिखाकर लगाया चोर-चोर का नारा
तृणमूल नेता को अदालत मे पेश करने ले जाती पुलिस
तृणमूल नेता को अदालत मे पेश करने ले जाती पुलिस
Published on

दुर्गापुर : दुर्गापुर में गुंडागर्दी एवं अवैध वसूली करने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राजीव घोष को गिरफ्तार करके अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। दुर्गापुर 1 नंबर ब्लॉक के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष राजीव घोष को अदालत में पेश करने के दौरान जबरदस्त तनाव फैल गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता पहले से अदालत के बाहर भारी संख्या में जमा हो गए थे। वहीं पुलिस सुरक्षा के बीच राजीव घोष को अदालत के भीतर ले जाया जा रहा था, तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसे निशाना बनाते हुए जूते दिखाए और 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान देखते ही देखते अदालत परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई और नियंत्रण के लिए पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की तैनाती करनी पड़ी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राजीव घोष लंबे समय से इलाके में आतंक, जबरन वसूली, धमकी देने और राजनीतिक अत्याचार की घटनाओं में शामिल रहा है। वहीं बुधवार देर रात वह स्टील सिटी के तानसेन इलाके में एक गुप्त बैठक करने पहुंचा था, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राजीव घोष को गिरफ्तार किया। वहीं गुरुवार को जब उसे अदालत में पेश किया गया तो भाजपा कार्यकर्ताओं के उग्र प्रदर्शन से पुलिस को हालात संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शनकारी लगातार 'आतंक का जवाब दो' और 'चोर को सजा दो' के नारे लगा रहे थे। इस घटना पर जिला भाजपा प्रवक्ता सुमंत मंडल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल के ब्लॉक अध्यक्ष ने इलाके के लोगों को डरा-धमकाकर रखा था और गरीब जनता के पैसे लूटे थे। उन्होंने चुनाव के पहले और बाद में हुई कई हिंसक वारदातों को अंजाम दिया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे लोगों को कमर में रस्सी बांधकर सार्वजनिक रूप से लाया जाना चाहिए। तृणमन के ब्लॉक अध्यक्ष की धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार उसे पूरी तरह चोर बनाती है। इस कारण अभियुक्त तृणमूल नेता को मुंह छिपाकर अदालत में आना पड़ा है। डीएसपी के दर्जनों क्वार्टरों पर अवैध कब्जा एवं किराए पर देने के गंभीर आरोप तृणमूल नेता पर लगते रहे हैं। इस कारण अदालत में पेशी के दौरान तृणमूल नेता पर भाजपा कर्मियों ने जूता से हमला करने का प्रयास किया। पुलिस ने कठिनाई से स्थिति को नियंत्रित किया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in