

मुर्शिदाबाद : तृणमूल नबग्राम ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद इनायतुल्लाह को एक पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार किया गया है। नबग्राम पुलिस ने उसे गुरुवार देर रात पंचग्राम स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को पुलिस स्टेशन से निकलकर जेल वैन में बैठते समय गिरफ्तार तृणमूल नेता ने कहा कि वह साजिश का शिकार हुआ है। उसे झूठे मामले में फंसाया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति को गुरुवार को लालबाग अनुमंडल कोर्ट में 10 दिनों की पुलिस कस्टडी के आवेदन के साथ पेश किया गया। जज ने उसे पांच दिनों की कस्टडी का आदेश दिया। हत्या की घटना के लगभग साढ़े तीन साल बाद तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष की गिरफ्तारी से जिले के राजनीतिक हलकों में हंगामा मच गया है। लालबाग अनुमंडल पुलिस ऑफिसर अकुलकर राकेश महादेव ने बताया कि नबग्राम थाने के बिलबसिया इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में तृणमूल नेता मोहम्मद इनायतुल्लाह को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति को उस दिन की घटना के बारे में आगे की पूछताछ के लिए कस्टडी में लिया गया है। उन्होंने बता कि 31 जनवरी, 2023 की रात को, नबग्राम पुलिस स्टेशन के तहत डिगरीडांगा के रहने वाले युवा तृणमूल नेता महसूबा शेख उर्फ रुबेल शेख को बिलबसिया इलाके में गोली मार दी गई थी। मृतक के परिवार ने नबग्राम पुलिस स्टेशन में हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच में उस दिन हत्या में ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष के शामिल होने का पता चला। उस जानकारी के आधार पर, गुरुवार देर रात तृणमूल नेता को पंचग्राम में उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस के नबग्राम ब्लॉक (पूर्व) अध्यक्ष धीरेंद्रनाथ यादव ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी थी। नबग्राम के पूर्व तृणमूल विधायक कनाई चंद्र मंडल ने अपने पावर का दुरुपयोग कर घटना को दबा दिया। हालांकि, कनाई चंद्र मंडल ने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता। भाजपा के जंगीपुर संगठनात्मक अध्यक्ष सुबल चंद्र घोष ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार किसी को रियायत नहीं देगी। अपराधियों को ढूंढकर कानून के दायरे में लाया जाएगा। तृणमूल के जंगीपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष खलीलुर रहमान ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। अगर कोई आपराधिक गतिविधियों में शामिल है, तो कानून उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।