

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल /बर्नपुर: आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग द्वारा मंगलवार को टोटो को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आसनसोल साउथ, आसनसोल नॉर्थ, आसनसोल साउथ पीपी और हीरापुर ट्रैफिक गार्ड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के टोटो ड्राइवरों के लिए बुलाई गई थी। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव ने विभाग के टोटो के लिए निर्धारित रूट चार्ट जारी किया और सख्त निर्देश दिया कि सभी ड्राइवरों को इसी निर्धारित रास्ते और यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक हेडक्वार्टर विश्वजीत साहा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर हेडक्वार्टर शुभेंदु चटर्जी, हीरापुर ट्रैफिक टीजी प्रभारी अमिनुर रहमान खान, आसनसोल साउथ पीपी टीजी प्रभारी संदीप सोम, आसनसोल साउथ टीजी प्रभारी चिरंजीव गुहा रॉय, आसनसोल नॉर्थ टीजी के तरफ से एसआई राजीव मुर्मू सहित काफी संख्या में टोटो ड्राइवर मौजूद थे।
नए रूट की पूरी जानकारी
हीरापुर ट्रैफिक गार्ड इलाका में बर्नपुर रेलवे स्टेशन से गैलेक्सी मोड़, पोलो मैदान, घड़ी मोड़ और घड़ी मोड़ से गोराई रोड तक टोटो जा सकता है। आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड इलाका में हटन रोड से इस्माइल, डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल, मैदा कल मोड़, नूरुद्दीन रोड, शनि मंदिर, आश्रम मोड़, ऑफिसर क्लब, 13 नंबर रोड, रेलवे स्टेशन, जोगिया बाबा मोड़ से आसनसोल बस स्टैंड तक। आसनसोल नॉर्थ टीजी इलाका में रेलवे स्टेशन से लोको ग्राउंड, सफी मोड़ से स्टेशन रोड तक।
कहां है पाबंदी
पुलिस ने साफ कहा है कि जीटी रोड और नेशनल हाईवे (NH) पर टोटो चलाना पूरी तरह मना है। इसके अलावा साउथ पीपी इलाके में जुबली मोड़ से गैलेक्सी मोड़ तक टोटो अलाउड नहीं है और काली पहाड़ी से सताइसा मोड़ तक टोटो की नो एंट्री रहेगी।
टोटो ड्राइवरों ने जताया विरोध
टोटो ड्राइवरों ने पुलिस द्वारा दिए गए इस नए रूट का विरोध किया। ड्राइवर का कहना है कि इस रूट का पालन करने से उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा। अभय सिंह, अमित सिंह, बिक्रम हेला, रंजीत मंडल सहित अन्य टोटो ड्राइवर ने कहा, कि सामने दुर्गा पूजा है, इस नए रूट से सवारी नहीं मिलेगी। अगर रूट का पालन करेंगे तो घर कैसे चलेगा। साथ ही कहा कि बर्नपुर रोड में कितने सारे नर्सिंग होम और डायग्नोसिस सेंटर है वहां पर सवारी लेकर कैसे जाएंगे। ड्राइवरों ने ट्रैफिक पुलिस के इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।