

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल: आसनसोल जिला अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट में गुरुवार को पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट यानी कूल्हे के जोड़ के प्रत्यारोपण का सफल ऑपरेशन किया गया। अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. समीरन डे ने 57 वर्षीय मरीज सीमांत दास का ऑपरेशन किया। पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर निवासी यह मरीज 25 अगस्त को आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती हुआ था। गुरुवार को डॉ. समीरन डे ने एनेस्थेटिक डॉ. श्रीकांत गांगुली और डॉ. ए. पाल के सहयोग से यह ऑपरेशन किया। उनके साथ नर्स और स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद थे। कुल मिलाकर ऑपरेशन में करीब एक घंटे का समय लगा है और मरीज को तीन से चार दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा। आसनसोल जिला अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. तपन कुमार विश्वास ने बताया कि जिला अस्पताल में इमरजेंसी विभाग के ऊपर 17 अगस्त को ट्रॉमा केयर यूनिट को आधिकारिक रूप से शुरू किया गया है। इसके बाद से ही ट्रॉमा केयर में विभिन्न विभागों के कई ऑपरेशन चिकित्सकों द्वारा किए जा चुके हैं।