

पांडवेश्वर : डीओ होल्डर्स से रंगदारी (तोलाबाजी) वसूलने के मामले में पांडवेश्वर ब्लॉक तृणमूल युव कांग्रेस अध्यक्ष व सोनपुर गांव निवासी नरोत्तम मंडल उर्फ निताई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी से पांडवेश्वर के राजनीतिक हलकों में हलचल मची है। जानकारी के अनुसार नरोत्तम के खिलाफ पांडवेश्वर थाना में डीओ होल्डर्स (कोयला कारोबारियों) से सोनपुर कोलियरियों से रोड सेल के कोयले की लिफ्टिंग के नाम पर रंगदारी वसूली करने के मामला दर्ज हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही वह इलाके से नदारद थे।
2011 से तृणमूल में सक्रिय रहे हैं नरोत्तम
साल 2011 में राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही नरोत्तम पार्टी के युवा संगठन में काफी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने पांडवेश्वर क्षेत्र में युवा संगठन की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। यही वजह है कि उनकी गिरफ्तारी को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है। स्थानीय निवासियों के एक वर्ग का आरोप है कि 2021 में नरोत्तम चुनाव बाद हिंसा में भी शामिल रहे हैं।
4 दिनों की पुलिस कस्टडी
गुरुवार को पुलिस ने उसे दुर्गापुर अदालत में पेश किया, जहां न्यायधीश ने उसकी जमानत याचिका नामंजूर करते हुए 4 दिनों के लिए पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया है। नरोत्तम की गिरफ्तारी पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।