

सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों को आखिरकार शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। कभी घरों से साइकिल और अन्य सामानों की चोरी, तो कभी मंदिरों के ताले तोड़कर दानपेटी और पूजा सामग्री गायब करने की घटनाओं से लोग काफी परेशान थे। इसी बीच चोरी करने के बाद कथित तौर पर थककर खुले स्थान पर सो रहे तीन नाबालिगों का पता चला। ग्रामीणों ने उनमें से दो को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक मौके से फरार हो गया।
घटना जिले के टामना थाना अंतर्गत सुकांतपल्ली इलाके की है। स्थानीय निवासी वासुदेव पान और सौमेंदु पांडा के अनुसार, गुरुवार रात इलाके के एक मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चोरों का सुराग पाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कथित तौर पर तीन नाबालिगों को चोरी की घटना में शामिल देखा गया।
इसके बाद शुक्रवार सुबह से ही ग्रामीणों ने तीनों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान इलाके से कुछ दूरी पर एक खाली जगह में तिरपाल बिछाकर चोरी के सामान के साथ तीनों को सोते हुए पाया गया। बताया जा रहा है कि चोरी के बाद थककर तीनों वहीं आराम से सो गए थे। ग्रामीणों ने जब उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो एक नाबालिग मौके से भागने में सफल रहा, जबकि अन्य दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
बाद में दोनों नाबालिगों को टामना थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान सुकांतपल्ली के लोगों ने दो संदिग्धों को पकड़ने के बाद कुछ राहत की सांस ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।