

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : ठेका श्रमिकों के हक की पांच साल पुरानी लड़ाई आखिरकार सफल हुई। बीएमएस बर्नपुर के लंबे संघर्ष के बाद सेल-आईएसपी प्रबंधन ने ठेका श्रमिकों के लिए संशोधित वेतन लागू करने का आदेश जारी किया। इस उपलब्धि पर बीएमएस की ओर से विशाल विजय रैली निकाली गई। फ्लाईओवर गेट से शुरू हुई रैली में हजारों कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली बर्नपुर बस स्टैंड होते हुए टाउनशिप के विभिन्न हिस्सों से गुजरकर यूनियन कार्यालय में संपन्न हुई। पूरे रास्ते नारों और उत्साह से माहौल गूंजता रहा। वर्ष 2021 से बीएमएस ने ठेका श्रमिकों के उचित वेतन की मांग को लगातार उठाया। कई दौर की वार्ता, ज्ञापन, बैठकें और आंदोलन के बाद यह सफलता मिली। संगठन का कहना है कि उद्योग की प्रगति में पसीना बहाने वाले हर श्रमिक को सम्मानजनक मजदूरी मिलनी चाहिए। रैली में बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय सिंह, महासचिव संजीत बनर्जी , बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी, महासचिव संजीत प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और हजारों कर्मचारी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा, यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सभी श्रमिकों की है जिन्होंने संगठन पर भरोसा बनाए रखा।