

अंडाल : अंडाल थाना अंतर्गत मधुसूदनपुर कोलियरी इलाके में बुधवार को होली के उल्लास के बीच उस समय भारी तनाव व्याप्त हो गया, जब एक महिला से सरेराह छेड़खानी और मारपीट की शर्मनाक घटना को अंजाम दिया गया। इस वाकये से आक्रोशित स्थानीय निवासियों का धैर्य जवाब दे गया और क्षेत्र में जमकर हंगामा हुआ। उग्र भीड़ ने आरोपी परिवार को अविलंब इलाके से बाहर निकालने की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया।
विरोध करने पर फाड़े कपड़े, दबंगई से सहमे लोग
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला से पहले छेड़खानी की गई और जब उसने इसका कड़ा विरोध किया तो अभियुक्तों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दबंगई दिखाते हुए अभियुक्तों ने महिला के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि सरेराह उसके वस्त्र तक फाड़ दिए। इस घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए।
आरोपी परिवार की हरकतों से ग्रामीण त्रस्त
स्थानीय निवासी सीमांत कोड़ा ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि उक्त परिवार की गुंडागर्दी से पूरा मोहल्ला त्रस्त है। उन्होंने बताया, "यह कोई पहली घटना नहीं है। इस परिवार के सदस्य आए दिन राह चलती महिलाओं और राहगीरों को परेशान करते हैं। आज तो इन्होंने हद ही पार कर दी। महिला को पीटा गया और सरेराह अपमानित किया गया।" ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस परिवार को यहां से हटाया नहीं गया तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है।
पुलिस ने परिस्थिति को संभाला
मामले की गंभीरता और बढ़ते तनाव को देखते हुए अंडाल थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की मान-मनौव्वल और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।