

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय का अब तक का कार्यकाल निर्विवाद रहा पर अब उन्हें अपने ही पार्षद व नेता घेरने की तैयार में जुट गये हैं। बता दें कि बिधान उपाध्याय को विरोधी कम और अपनी ही पार्टी के नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि हटन रोड के फुटपाथ से अवैध कब्जा खाली करवाने की हल्की कोशिश में उन्हें अंतत: नाकामी हाथ लगी जबकि उन्होंने एक-एक दुकान पर जाकर लोगों से हाथ जोड़कर स्वत: फुटपाथ खाली करने का निवेदन किया था पर वहां भी उन्हें अपनी ही पार्टी के नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। उक्त घटना में निगम की जबर्दस्त बदनामी हुई। उल्लेखनीय है कि हटन रोड के फुटपाथ पर अवैध कब्जा करने वालों के समर्थन में आईएनटीटीयूसी नेता राजू अहलूवालिया सामने आये एवं जमकर विरोध किया। आखिरकार निगम को पीछे हटना पड़ा। कुछ ऐसा ही हाल वार्ड 41 के पार्षद रणवीर उर्फ जीतू सिंह ने कर रखा है। वे अक्सर निगम को घेरते देखे जाते हैं। उनके निशाने पर जब निगम का कार्य है तो लोग उसका यह स्वत: यह अर्थ लगा लेते हैं कि वे मेयर बिधान उपाध्याय के खिलाफ अप्रत्यक्ष रूप से मुखर हो रहे हैं। हालांकि पार्षद रणवीर सिंह का कहना है कि वे मेयर बिधान उपाध्याय पर नहीं बल्कि निगम के अधिकारीयों के भ्रष्ट आचरण पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। वहीं विरोधियों का कहना है कि मेयर बिधान उपाध्याय कोई कार्य नहीं कर रहे हैं। उनकी पार्टी के नेता ही उन पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। वहीं मेयर के करीबी लोगों का कहना है कि निगम अपना कार्य कर रहा है।